उद्योग बंधु की बैठक में निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण में तेजी लाने का निर्देश
पडरौना। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को उद्योग बंधु की बैठक हुई। डीएम ने निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। डीएम ने निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण की स्थिति पर असंतोष जताया। उन्होंने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को पंजीकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस दौरान श्रम विभाग की मेधावी छात्र पुरस्कार योजना, निर्माण कामगार मृत्यु योजना, विकलांगता सहायता एवं अक्षमता पेंशन योजना, निर्माण कामगार अंत्येष्टि सहायता योजना, कन्या विवाह सहायता योजना एवं चिकित्सा सहायता योजना की बिंदुवार समीक्षा की गई। राजकीय औद्योगिक आस्थान पडरौना के पार्क की भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए डीएम ने प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिला उद्योग केंद्र के सामने नशेड़ियों के जमावड़े की शिकायत पर डीएम ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद आदि सहित सभी बिंदुओं पर समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई के लिए डीएम की तरफ से निर्देशित किया गया।
बैठक में डीडीओ शेषनाथ चौहान, उपायुक्त उद्दोग सतीश कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनीष कुमार सिंह, एलडीएम आरएन यादव, तहसीलदार सदर सत्यप्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी गण व औद्योगिक संगठन के अध्यक्ष और उद्यमी उपस्थित थे।