कसया। उत्तर प्रदेश शासन के संस्कृति अनुभाग के निर्देश पर सोमवार को जनपद के विभिन्न शिवालयों में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। डीएम महेंद्र सिंह तंवर एवं सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, जलाभिषेक, भजन-कीर्तन और महाआरती का आयोजन हुआ। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के सोमनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजन-अर्चन किए जाने के उपलक्ष्य में जनपद के शिवालयों में विशेष आयोजन किए गए। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
जनपद स्तरीय मुख्य आयोजन बिरला शिव मंदिर में हुआ, जहां स्थानीय महिलाओं ने भजन-कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 100 प्रतिभागियों ने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास और उसकी भव्यता को अपनी कला के माध्यम से उकेरा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा पडरौना तहसील के कुबेरस्थान स्थित प्राचीन कुबेरनाथ शिव मंदिर, तमकुहीराज के शिव सरया मंदिर, हाटा स्थित शिव मंदिर सहित खड्डा, कप्तानगंज और पडरौना के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित हुए। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और पुष्पों से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी तेज प्रताप शुक्ला, संस्कृति विभाग के तरुण शुक्ला, हिमांशु प्रजापति, धीरेंद्र मिश्रा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।