शहीद अमन सिंह के दरवाजे पर परिजनों से बात करते विनय कटियार और अन्य।
हाटा। वरिष्ठ भाजपा नेता विनय कटियार बुधवार को शहीद अमन सिंह के पैतृक आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शहीद के पिता यशवंत सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
विनय कटियार ने कहा कि कैप्टन अमन सिंह ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, वह पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सपूतों की वजह से देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। अमन का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है और उनका बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
उन्होंने शहीद की मां और अन्य परिजनों से भी मुलाकात की। घर का माहौल अब भी गमगीन है। परिवार के सदस्यों की आंखों में बेटे को खोने का दर्द साफ दिखाई दे रहा था। विनय कटियार ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि समाज और सरकार दोनों इस कठिन समय में उनके साथ हैं।
इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने शहीद अमन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा। आगंतुकों ने कहा कि अमन की शहादत को यह क्षेत्र कभी नहीं भूलेगा और उनका नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष रामानंद सिंह और गंगा सिंह सैंथवार भी मौजूद रहे।