दुदही। क्षेत्र के बड़हरा बुजुर्ग गांव के कई लोग बृहस्पतिवार को ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचे। इन लोगों ने राशन कार्डधारकों की सूची में अपात्रों का नाम शामिल करने का आरोप लगाकर बीडीओ का घेराव किया।
बड़हरा बुजुर्ग निवासी शहाबुद्दीन अंसारी, छोटेलाल, सुनीता देवी, राजकुमार सिंह, पिंटू, नगीना, बिंदू देवी सहित कई लोग दुदही ब्लॉक पर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। इसके बाद इन लोगों ने बीडीओ का घेराव किया। इनका कहना था कि जिम्मेदारों ने राशन कार्डधारकों की जो सूची बनाकर भेजी है, उसमें अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल कर लिए गए हैं। जबकि कई जरूरतमंदों के नाम सूची में शामिल ही नहीं किए गए हैं। इन लोगों ने आरोपों की जांच के लिए ब्लॉक स्तरीय टीम गठित कर जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों की मांगों के मद्देनजर बीडीओ सतीश सिंह ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसके बाद गांव के लोगों ने घेराव समाप्त कर दिया।