सड़क मरम्मत के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन.
ग्राम पंचायत सुमही और कोलसवा बुुजुर्ग का मुख्य मार्ग है खराब, जनप्रतिनिधि भी हो गए हैं संवेदनहीन
30 साल से नहीं हो रहा कायाकल्प, लोग परेशान
बनकटा बाजार। विकासखंड फाजिलनगर स्थित ग्राम पंचायत सुमही, टोला रामपुर और ग्राम पंचायत कोइलसवा बुजुर्ग के महुआ टोला की मुख्य सड़क खराब हो गई है। करीब 30 साल से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। आवागमन में परेशानी से आजिज आकर लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि भी सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं है।
ग्राम पंचायत सुमही, टोला रामपुर और ग्राम पंचायत कोइलसवा बुजुर्ग के महुआ टोला की मुख्य सड़क से क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन होता है। बरसात के दिनों में पक्की सड़क पर जलभराव हो गया था, इससे सड़क की हालत पहले से ज्यादा खराब हो गई। इस सड़क से गुजरने वाले लोगों को खासी परेशानी होती है। लोगों ने कई बार सड़क की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्र के रविंद्र तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य विंध्याचल यादव, रामप्रवेश यादव, रविंद्र राजभर, इसराफिल अंसारी, नूर मोहम्मद, तार मोहम्मद, राकेश राजभर, ,सेराजुलहक, मुन्नीलाल गुप्ता, संतोष गुप्ता, इसराफिल, अफजल, शाकिर, वीरेंद्र पाल सहित अन्य लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी रामराज कुशवाहा ने कहा कि सड़क मरम्मत के लिए जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि सड़कों की मरम्मत का काम कराया जाएगा, जिससे लोगों की परेशानी दूर हो सके।
अधूरी सड़क पर फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन
- मधुरिया राजवाहा मार्ग की पटरी पर आवागमन में हो रही दिक्कत
जौरा बाजार। विकासखंड के मधुरिया राजवाहा पटरी पर सड़क निर्माण अधूरा है। इससे लोगों को आवागमन में काफी असुविधा हो रही है। शिकायत के बावजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। दोबारा सड़क निर्माण की मांग के समर्थन में लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के नंदलाल विद्रोही के नेतृत्व में लोग मधुरिया राजवाहा की पटरी पर पहुंचे। लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण की मांग उठाई। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए नंदलाल विद्रोही ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 28 को जोड़ने वाली सड़क जो ग्राम सभा मधुरिया, दहारी पट्टी, सरैया महंत पट्टी, रहसू सोमाली पट्टी व रहसू जनोबी पट्टी और रहसू चौराहा पर कस्बे को जोड़ती है। उसका निर्माण अधूरा है। इससे आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। इस दौरान ओम प्रकाश, विश्वनाथ गुप्ता, दीनानाथ गुप्ता, कामरान, कामराज, पप्पू गोंड, दीनदयाल गोंड और सोबराती अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे। लोगों ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग उठाई।