पकड़ियार बाजार। खड्डा थाना क्षेत्र के मुख्य पश्चिमी गंडक नहर मार्ग पर शनिवार की सुबह कोहरगड्डी नहर पुल के पास बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार दरबहा गंगा छापर गांव के ग्राम प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दरबहा गंगा छापर ग्राम प्रधान ऐनुल्लाह अंसारी (56) कोहरगड्डी नहर पुल चौराहे पर सुबह छह बजे बाइक से गए थे। अभी वे पुल के पास पहुंचे ही थे कि एकडंगा रेगुलर से ढोलहा चौराहे की तरफ आ रही तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने उन्हें कोटवा सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर हादसे की जानकारी होने पर सीएचसी परिसर में गांव के लोगों की काफी भीड़ जुट गई। गांव वालों ने हादसे में शामिल बोलेरो और चालक को पकड़ कर बैठा लिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। सूचना पर पहुंचे खड्डा एसएचओ नीरज कुमार राय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।