छितौनी। नगर पंचायत छितौनी में तेंदुए की चहलकदमी का वीडियो वायरल होने से लोग दहशत में हैं। सड़क के किनारे बैठे तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर एक यूजर ने शेयर किया है। सूचना के बाद वन विभाग की टीम रेस्क्यू में जुट गई है। वन विभाग ने एहतियात के तौर पर लोगों से अकेले निकलने से बचने की सलाह दी है।
नगर पंचायत छितौनी के सभासद दिलीप कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि नगर पंचायत छितौनी के अब्दुल कलाम नगर में पानी टंकी के पास तेंदुआ विचरण कर रहा है। इस वीडियो को छितौनी व आसपास के गांवों के लोग शेयर कर एक-दूसरे को जागरूक करने में लगे हैं। वहीं, तेंदुए के पनियहवा-पड़रौना हाईवे पर भी विचरण करते हुए वीडियो एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं कर रहा है। इस संबंध में डिप्टी रेंजर अमित तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर टीम लगा दी गई है। रेस्क्यू करने में विभाग जुट गया है। लोग अकेले निकलने की बजाय झुंड में निकले और तेंदुए दिखे तो इसकी सूचना विभाग को दें।
नगर पंचायत छितौनी में तेंदुए के विचरण का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम शाम को नगर में पहुंच गई। रेंजर श्रीप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पहुंची वन विभाग की टीम ने पदचिह्न तथा वीडियो के आधार पर तेंदुआ या इसी प्रजाति के किसी जानवर का वीडियो होने की बताते हुए लोगों को सतर्क रहने का सुझाव दिया गया।