पडरौना। कठकुइयां क्षेत्र के एक कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल पर 11वीं की छात्रा से अभद्र हरकत करने का आरोप लगा है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
एबीवीपी के जिला संयोजक नित्यानंद सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं। परिषद ने प्रशासन से जांच जल्द पूरी कर मामले की सच्चाई सामने लाने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में एबीवीपी नेताओं ने दावा किया कि मामले से जुड़ी कुछ कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और खबरें सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही हैं। संगठन का कहना है कि शिक्षण संस्थान में छात्रा के साथ इस तरह के कथित व्यवहार से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। परिषद ने जांच पूरी होने तक वाइस प्रिंसिपल को पद से हटाने की भी मांग की है। संगठन ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने से ही वास्तविकता सामने आ सकेगी। प्रशासन की ओर से जांच के आदेश के बाद अब संबंधित पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का निर्देश दिया है।