सभासद का शव लेकर खड्डा लौट रही वाहन दुर्घटनाग्रस्त ।संवाद
दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। पूर्व सभासद का शव पोस्टमार्टम के बाद लेकर खड्डा लौट रहा मालवाहक बगहवा इनार के पास ट्रक से टकरा गया। हादसे में चालक व सभासद के चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रक लेकर भाग रहे चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है।
सोमवार की सुबह खड्डा कस्बे के सिविल लाइन निवासी पूर्व सभासद अजीत सिंह उर्फ बुच्चन ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए पडरौना भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव को मालवाहक से खड्डा लाया जा रहा था। वाहन को कस्बे के रहने वाले चालक नाटा (30) चला रहे थे। साथ में मृतक के चचेरे भाई राकेश (34) थे।
शाम को करीब चार बजे जैसे ही वाहन खड्डा-नेबुआ मार्ग पर थाना क्षेत्र के बगहवा इनार के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें दोनों लोग फंस गए। सूचना पर पहुंची खड्डा थाने की पुलिस ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला। हालत चिंताजनक देखकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया।
मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। ट्रक चालक मौके से भागने लगा। खड्डा पुलिस की सूचना पर नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने पकड़ लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक खड्डा अमित शर्मा का कहना है कि शव लेकर आ रहा वाहन ट्रक से टकरा गया है। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। ट्रक व चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।