फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोग किसी तरह हुए तैयार तो टीम के पास वैक्सीन खत्म

विज्ञापन
विज्ञापन
लोग किसी तरह हुए तैयार तो टीम के पास वैक्सीन खत्म
विज्ञापन

टीम के पास था केवल तीन वॉयल, अधिकांश लोग लौटे
- दुदही ब्लॉक के चाफ गांव में शुक्रवार को पहुंची थी टीम, केवल 33 लोगों को लगा टीका
- जब लोग जागरूक हुए तो टीम के पास वैक्सीन ही खत्म हो गई
संवाद न्यूज एजेंसी
दुदही (कुशीनगर)। गांव-गांव टीकाकरण अभियान की सिर्फ औपचारिकता ही निभाई जा रही है। दुदही ब्लॉक के चाफ गांव में इसकी हकीकत देखने को मिली। यहां दो दिन टीकाकरण अभियान चला। आलम यह था कि पहले दिन लोग टीका लगवाने को तैयार नहीं थे। गांव के वरिष्ठ लोगों की ओर से समझाने के बाद जब ग्रामीण तैयार हुए तो पर्याप्त मात्रा में टीका ही नहीं था। आश्चर्य की बात तो यह है कि टीकाकरण करने पहुंची टीम के पास गांव के संबंध में प्राथमिक जानकारी तक नहीं थी। शायद यह पहला गांव ऐसा होगा जहां एक वॉयल से 11 लोगों को टीका लगाया गया, जबकि औसतन हर जगह 10 लोगों को ही लगता है।
दुदही ब्लॉक का चाफ गांव 24 टोले में बसा है। इस गांव की कुल आबादी लगभग नौ हजार है। इस गांव के जराठी पट्टी टोले पर नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बना है। शुक्रवार को यहां की स्वास्थ्य टीम चाफ खास टोले पर थी। करीब एक हजार की आबादी वाले इस गांव में दो दिन से स्वास्थ्य टीम टीकाकरण में लगी है। गांव के पंचायत भवन पर टीकाकरण के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम -टू के चिकित्सक डॉ. श्रीप्रकाश चंद, डॉ. राजू यादव, डॉ. रीता वर्मा, एलटी शिवानंद तिवारी व एएनएम सरोज देवी तथा आशा कार्यकर्ता मिंटू देवी की मौजूदगी में कैंप लगा। पहले तो टीकाकरण के लिए लोग आए ही नहीं, लेकिन गांव के शशिभूषण मिश्रा, कार्तिकेय मिश्रा, सुनील मिश्रा, पुष्पा देवी, ममता देवी ने आगे बढ़कर टीका लगवाया तो लोग जागरूक हुए। टीकाकरण के लिए लोग आने लगे। लेकिन 33 लोगों का ही टीकाकरण हो सका। वैक्सीन नहीं होने के चलते 18 लोग वापस चले गए। शुक्रवार को सुबह 11 बजे यह टीम दुबारा पंचायत भवन पर पहुंची। इस बार भी टीम के पास केवल तीन वॉयल ही वैक्सीन थी। 30 लोगों का टीकाकरण करने के बाद सीरिंज खत्म हो गई। इसके बाद डॉ. श्रीप्रकाश चंद चाफ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर तीन सीरिंज ले आए। इससे शेष तीन लोगों को टीका लगाया गया। दोपहर दो बजे तक 33 लोगों का टीकाकरण किया गया। वैक्सीन नहीं होने के चलते इसके बाद टीकाकरण बंद कर टीम लौट गई। लगातार दूसरे दिन भी 20 से अधिक लोगों को बिना टीका लगवाए ही वापस लौटना पड़ा।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है आंकड़ा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाले इस गांव में ही स्वास्थ्य विभाग की कमजोरी खुलकर सामने आई है। इस गांव में दो दिन से टीकाकरण कर रही टीम को यह भी नहीं पता था कि इस गांव में कितने लोगों को अब तक टीका लग चुका है। इसके अलावा 45 साल से अधिक उम्र के कितने लोग हैं जिनका टीकाकरण किया जाना है। आशा कार्यकर्ता मिंटू देवी का कहना था कि उन्हें जितना बताया गया था, उसकी रिपोर्ट बनाकर उन्होंने दिया है।
विभागीय लापरवाही से नाराज हैं लोग
चाफ गांव निवासी अधिवक्ता शशिभूषण मिश्रा का कहना है कि पहले तो लोग टीकाकरण नहीं करा रहे थे। मैं और गांव के कुछ लोगों ने आगे बढ़कर लोगों को जागरूक किया तो टीकाकरण कराने आ रही टीम के पास वैक्सीन ही नहीं थी। दो दिन लोगों को बिना टीका लगवाए ही वापस लौटना पड़ा है।
खु्द्दी गौंड़ मजदूरी करते हैं, दो दिन अपना काम छोड़कर टीकाकरण कराने के लिए रुके थे, लेकिन चिकित्सक बता रहे हैं कि वैक्सीन खत्म हो गई है। अगर ऐसा ही करना था तो फिर पूरे गांव के लोगों को जुटाने का कोई मतलब नहीं था।
दीपू का कहना है कि टीकाकरण कैम्प से 800 मीटर दूरी पर उनका घर है। कैम्प लगने की सूचना पर अपने माता पिता को बुलाकर कैंप में ले आए थे। आने के बाद पता चला है कि वैक्सीन ही खत्म हो गई है, जिसके चलते वापस जा रहे हैं।
रमेश चंद दूबे का कहना है कि वह दूसरी डोज के लिए पांच दिन पहले चाफ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गए तो वैक्सीन नहीं थी। तीन दिन पहले दुदही सीएचसी पर गए तो कम्प्यूटर में नाम नहीं बताकर वापस कर दिया गया। इसके बाद शुक्रवार को कैम्प में पहुंचे तो वैक्सीन ही खत्म हो गई।
वहीं आरआर टीम के डॉ. श्रीप्रकाश चंद का कहना है कि डोर टू डोर गांव के युवाओं के साथ पहुंच कर लोगों को जागरूक किया गया है, जिससे लोग जागरूक होकर टीकाकरण के लिए रुचि ले रहे हैं। आशा कार्यकर्ता आंकड़े एकत्रित कर रही हैं।
विज्ञापन

दुदही सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एके पांडेय का कहना है कि एक वॉयल में 10 से 11 लोगों का टीकाकरण हो रहा है। टीका खत्म होने के सवाल पर उनका कहना है कि शनिवार को फिर इस गांव में ज्यादा वैक्सीन के साथ टीम भेजकर टीकाकरण कराया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें