पडरौना। हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती 29 अगस्त के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का आयोजन 28 से 30 अगस्त तक किया जाएगा। खेल निदेशालय एवं जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले समारोह में वृहद खेल गतिविधियों के साथ फिट इंडिया मूवमेंट के तहत विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उप क्रीड़ाधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने कहा कि 28 अगस्त की शाम तीन बजे श्रद्धांजलि सभा होगी। इस दिन हॉकी ड्रिबल, फुटबॉल ड्रिबल और स्कीपिंग रोप का आयोजन होगा। 29 अगस्त सुबह 10 बजे हॉकी शपथ कार्यक्रम और मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसी दिन 14 वर्ष तक के बालकों की हॉकी प्रतियोगिता और शाम तीन बजे कराटे सेल्फ डिफेंस और बास्केटबॉल ड्रिबल प्रतियोगिता होगी।
30 अगस्त को सुबह सात बजे साइकिल रैली निकाली जाएगी। इसके बाद बालिका वर्ग में 100 से 400 मीटर रिले रेस का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य से जारी आयु प्रमाण-पत्र तथा आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। टीमों को आने-जाने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ निर्णायकों को खेल विभाग की ओर से आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक प्रतिभागी शामिल हों इसके लिए जिले के सभी जूनियर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट कॉलेजों के प्रधानाचार्य और हॉकी क्लबों और संबंधित संस्थाओं से अपने-अपने विद्यालयों एवं क्लबों के खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर स्पोर्ट्स स्टेडियम-कुशीनगर के खेल मैदान में भेजने की अपील की है।