पडरौना। जिले में किसानों को उर्वरकों की कमी से जूझना न पड़े, इसके लिए कृषि विभाग ने पर्याप्त व्यवस्था कर ली है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने बताया कि वर्तमान में बारिश के चलते गन्ने की टॉप ड्रेसिंग शुरू हो गई है और किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार के उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता जिले में कराई गई है। किसानों को निर्धारित मात्रा में ही खाद का उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिले में इस समय यूरिया 16,255 मीट्रिक टन, डीएपी 5,572 मीट्रिक टन, एनपीके 7,883 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 6,769 मीट्रिक टन विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध है। इसके अलावा 2 मई को मैट्रिक्स कंपनी से 856 मीट्रिक टन यूरिया की अतिरिक्त आपूर्ति भी प्राप्त हुई है, जिससे आपूर्ति और सुदृढ़ हुई है। प्राप्त यूरिया में से 20 प्रतिशत यानी 256 मीट्रिक टन सहकारी समितियों को आवंटित किया जा रहा है, जबकि शेष 80 प्रतिशत यानी 600 मीट्रिक टन निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरकों का प्रयोग केवल निर्धारित मात्रा में ही करें। विभाग द्वारा उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण की निगरानी पोर्टल के माध्यम से लगातार की जा रही है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार जोत बही या खतौनी के आधार पर नजदीकी सहकारी समिति या निजी उर्वरक केंद्र से पीओएस मशीन के जरिए आधार कार्ड या फार्मर रजिस्ट्रेशन के माध्यम से उर्वरक प्राप्त करें। उर्वरक खरीद में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान कृषि विभाग के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 8317015135 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसका त्वरित निस्तारण किया जाएगा।