सुकरौली। बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों की परेशानी भी बढ़ा दी है। सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर बच्चों में चक्कर आना, थकान और सिरदर्द जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे अभिभावक भी चिंतित हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली के चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र तिवारी का कहना है कि इस मौसम में बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन का खतरा सबसे अधिक रहता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि छात्र पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, खाली पेट घर से न निकलें और धूप में ज्यादा देर तक रहने से बचें। हल्के व सूती कपड़े पहनना और सिर को ढककर रखना भी जरूरी है। इलाज के लिए आने जाने वाले अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए सतर्कता ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय माना जा रहा है।