छोटे भाई के साथ हुई मारपीट में घायल शख्स की मौत के बाद नाराज परिजनों ने रविवार को मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर थाने पर जमकर हंगामा किया। पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कप्तानगंज-पडरौना मार्ग जाम कर दिया।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और सीओ ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को सड़क से हटाया। एक घंटे बाद करीब शाम छह बजे आवागमन बहाल हो सका।
नगर के वार्ड नंबर पांच राम जानकी मंदिर निवासी रामभवन यादव, छोटेलाल यादव और रमाकांत यादव सगे भाई थे। रामभवन और छोटे भाई छोटेलाल के बीच जमीन के हिस्से को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। शनिवार को सुबह इसी को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई।
राम भवन यादव (48) के सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन कप्तानगंज सीएचसी पहुंचे, हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रविवार को भोर में उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर परिजन थाने पर पहुंचे और गेट के सामने सड़क पर शव रखकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इसकी जानकारी होने पर मोहल्ले के लोग भी पहुंच गए। शाम करीब 6 बजे नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह, एसओ राजकुमार बरवार पहुंचे और आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
इसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोग सड़क से हटे और आवागमन बहाल हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में शनिवार को ही मृतक के तीसरे भाई रमाकांत यादव की तहरीर पर छोटेलाल यादव, दुर्गेश यादव, मनीष यादव, पूजा देवी पर मारपीट का केस दर्ज कर लिया था। एसओ कप्तानगंज राजकुमार बरवार ने बताया कि इस मामले में नए कानून के तहत मारपीट का केस दर्ज किया गया था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।