मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल सिंघा पट्टी गांव में मंगलवार को मुसहर कॉलोनी के लिए जमीन समतलीकरण के दौरान हंगामा हो गया। प्रशासक प्रतिनिधि ने कुछ लोगों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
प्रशासक प्रतिनिधि भीम सिंह के अनुसार, मंगलवार को मुसहर कॉलोनी के लिए जमीन समतलीकरण का कार्य कराया जा रहा था। मौके पर राजस्व विभाग और ब्लॉक के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए काम में बाधा डालने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। आरोप है कि इसके बाद भी कुछ लोग मौके पर पहुंचकर उन्हें धमकी देने लगे। प्रशासक प्रतिनिधि ने कोतवाली पडरौना में प्रार्थना पत्र देकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद