गाजीपुर। बीते आठ दिनों में 6,500 किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री कराई है। बीते पांच दिसंबर से फार्मर रजिस्ट्री शुरू हुई है। इस महीने के अंत तक फार्मर रजिस्ट्री का कार्य चलेगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त का लाभ पाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है।
बीते अक्तूबर महीने में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त का लाभ जनपद के 4.24 लाख किसानों को मिला था। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ किसानों को इसलिए दिया जाता है कि उनको खेती के विभिन्न कार्यों सिंचाई, बीज व उवर्रक की खरीदारी में आर्थिक सहूलियत मिल सके। वहीं अधिक से अधिक संख्या में किसान फार्मर रजिस्ट्री करा सकें, इसके लिए कृषि विभाग भी प्रयासरत है।
इसके लिए किसानों को जागरूक करने के साथ ही जनपद के 1238 ग्राम पंचायतों में कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप के जरिए किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई जा रही है। कैंप के अलावा खुद के मोबाइल के जरिए फार्मर रजिस्ट्री एप के माध्यम से भी फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। साथ ही सहज जनसेवा केंद्रों से भी कराने की सुविधा दी गई है। फार्मर रजिस्ट्री कराने पर किसानों गोल्डन कार्ड दिया जा रहा है। जो किसान फार्मर रजिस्ट्री करा लेंगे, उन्हीं को अगले वर्ष प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी की जाएगी।