पडरौना। जिले के चार मूल्यांकन केंद्रों पर चल रहे यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का बृहस्पतिवार को नोडल पर्यवेक्षक ने निरीक्षण किया। उन्होंने मूल्यांकन के दौरान केंद्र पर अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश न कराने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन के लिए जिले में उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना और बुद्ध इंटर कॉलेज कुशीनगर को इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की पुस्तिकाओं का मूल्यांकन के लिए श्रीगांधी स्मारक इंटर कॉलेज हाटा व नवजीवन इंटर कॉलेज पटहेरवा को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने डायट प्राचार्य को नोडल पर्यवेक्षक नामित किया है। इसके क्रम में बृहस्पतिवार को डायट प्राचार्य डॉ. राम जियावन मौर्य ने मूल्यांकन केंद्र उदित नारायण इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने मूल्यांकन केंद्र पर परीक्षकों से बात की और उनको मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बोर्ड की तरफ से दिए गए निर्देश के अनुसार मूल्यांकन कराने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षकों एवं कर्मचारियों को परिचय पत्र साथ में रखें। मूल्यांकन केंद्र पर मूल्यांकन के दौरान किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश न होने दें।
इस दौरान उप नियंत्रक अरविंद सिंह, अजय कुमार सिंह, मृगेंद्र राघव राव, विशाल राव, चंद्रशेखर दीक्षित आदि मौजूद रहे।