पडरौना। यूपी बोर्ड की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को लेकर इस बार बदलाव किए गए हैं। नए नियमों के अनुसार अब परीक्षार्थियों को अपनी उत्तरपुस्तिका के हर एक पन्ने पर अपना अनुक्रमांक (रोल नंबर) और कॉपी नंबर लिखना अनिवार्य होगा।
उत्तरपुस्तिका के पन्नों की अदला बदली या छेड़छाड़ रोकने की पूरी जिम्मेदारी कक्ष निरीक्षकों की होगी। उत्तरपुस्तिका का कोई भी पन्ना फाड़ना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा परीक्षार्थी उत्तरपुस्तिका के अंदर कहीं भी अपना नाम या पहचान संबंधी कोई चिन्ह नहीं बना सकते। ऐसा पाए जाने पर परीक्षा निरस्त की जा सकती है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से बोर्ड परीक्षा के लिए 194 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 18 फरवरी से 12 मार्च तक बोर्ड परीक्षा होगी। बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 110533 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 58611 और इंटरमीडिएट के 51922 परीक्षार्थी हैं।
डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाकर कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों को जिले व राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से ऑनलाइन जोड़ा गया है। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार परीक्षार्थियों को उत्तरपुस्तिका के हर पन्ने पर अपना अनुक्रमांक और कॉपी नंबर लिखना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान उत्तरपुस्तिका के पन्ने बदलने या निकालने जैसी गड़बड़ियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
इस संबंध में अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस नियम का पालन कराना कक्ष निरीक्षकों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी। पिछले वर्षों में केवल उत्तरपुस्तिका के अंतिम पन्ने पर ही अनुक्रमांक लिखवाया जाता था।
लेकिन, अब हर पृष्ठ पर यह जानकारी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही कक्ष निरीक्षक यह भी सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा कक्ष में किसी तरह की मददगार सामग्री जैसे पोस्टर, चार्ट या ब्लैक बोर्ड पर लिखी कोई जानकारी मौजूद न हो।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए भी साफ निर्देश हैं कि किसी भी छात्र को उत्तरपुस्तिका का कोई पन्ना फाड़ने की अनुमति नहीं होगी। उत्तरपुस्तिका के अंदर कहीं भी नाम, संकेत या पहचान से जुड़ी कोई जानकारी लिखना सख्त मना है।
प्रश्नपत्र मिलने से पहले उत्तरपुस्तिका में कुछ भी लिखने की इजाजत नहीं होगी। इसलिए छात्र उत्तरपुस्तिका के दोनों ओर और हर पंक्ति में साफ-सुथरा लेखन करें। पहली कॉपी पूरी होने के बाद ही दूसरी कॉपी मांगी जाए। रफ कार्य अलग पन्ने पर किया जा सकता है। जिसे बाद में काट देना होगा।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा के दौरान केंद्रों, स्ट्रांग रूम और संकलन केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि यदि कोई परीक्षार्थी नकल या अंक बढ़वाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश करता अथवा सोशल मीडिया पर फर्जी प्रश्नपत्र या भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।