पडरौना। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जिले के एक लाख से अधिक छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। परीक्षा से पहले छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान और मानसिक तनाव कम करने के उद्देश्य से जनवरी के दूसरे सप्ताह से विशेष हेल्प डेस्क की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा, जिस पर परीक्षार्थी अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।
जिले में 22 राजकीय, 55 वित्तपोषित और 291 स्ववित्तपोषित समेत जिले में 368 माध्यमिक विद्यालय संचालित होते हैं। इसमें वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 58,190 और इंटर के 49,719 परीक्षार्थी समेत कुल 1,07,909 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षार्थियों की समस्याओं के समाधान और मानसिक तनाव कम करने के लिए डीआईओएस कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क पर विषय विशेषज्ञ शिक्षक तैनात रहेंगे, जो छात्रों को पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी, प्रश्नपत्र के पैटर्न, अंक विभाजन, उत्तर लिखने की सही तकनीक और समय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देंगे।
छात्र सीधे विशेषज्ञों से संपर्क कर अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह है कि परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की छोटी से छोटी शंका भी दूर हो जाए, ताकि वे बिना किसी मानसिक दबाव के परीक्षा में शामिल हो सकें।
छात्रों को सीमित समय में बेहतर तैयारी के व्यावहारिक और प्रभावी तरीके भी बताए जाएंगे। इससे जिले के परीक्षार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।