यूपी-बिहार के अधिकारियों ने किया बांध का निरीक्षण
छितौनी (कुशीनगर )। कस्बा सहित नरकहवा, तीनबरदहा और बिहार के सेमरा लबेदहा व मंझरिया के साथ विभिन्न गांवों का बृहस्पतिवार को यूपी और बिहार के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारी छितौनी-तमकुही रेल परियोजना के टूटे बांध की स्थिति से अवगत भी हुए।
एसडीएम खड्डा अरविंद कुमार और एसडीएम बगहा शेखर आनंद बृहस्पतिवार को दोपहर बाद छितौनी-तमकुही रेल परियोजना के टूटे बांध के पास पहुंचे और मौजूद अधिकारियों से एक-एक बिंदु पर विस्तार से जानकारी ली। खड्डा एसडीएम ने कहा कि डीएम को पत्र भेजकर छितौनी-तमकुही रेल परियोजना के टूटे बांध की स्थिति के बारे में अवगत कराया गया था। इस बांध के टूटने से खड्डा क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो गए थे। इसे संज्ञान लेकर कुशीनगर डीएम ने पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन से पत्राचार कर बाढ़ से बचाव के लिए उचित कदम उठाने का अनुरोध किया था। इस पर पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन भी सक्रिय हुआ और बृहस्पतिवार को निरीक्षण कर रेल परियोजना के जद में आए लोगों के विस्थापन की जानकारी ली। इस दौरान रेल परियोजना की मरम्मत के अलावा बाढ़ से बचाव के लिए नए गाइड बांध बनाने पर भी चर्चा की गई। एसडीएम शेखर आनंद ने बताया कि रेल परियोजना के बगल से नया बांध बनाकर लोगों को बाढ़ से बचाने का प्रयास किया जाएगा। बांध के अलावा अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।
इस दौरान नायब तहसीलदार रवि यादव, सीओ खड्डा शिवाजी सिंह, एसडीओ राजेंद्र प्रसाद, जेई रवि कुमार, एसओ हनुमानगंज पंकज गुप्ता, पिपरासी बीडीओ बीके राम, पिपरासी सीओ फहीमुद्दीन अंसारी, पिपरासी एसओ संजीव कुमार सिन्हा आदि मौजूद थे।