सुकरौली। नक्सली हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सत्यवान सिंह को केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह और सांसद विजय कुमार दुबे ने शनिवार को उनके गांव रामपुर सोहरौना पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राष्ट्रीय राज्यमार्ग से उनके गांव जाने वाली सड़क पर महुआरी चौराहे पर शहीद सत्यवान सिंह के नाम एक गेट का शिलान्यास किया।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर सोहरौना गांव के रहने वाले सत्यवान सिंह सीआरपीएफ में बतौर सब इंस्पेक्टर झारखंड में तैनात थे। जून माह में नक्सली इलाके में गस्त के दौरान नक्सलियों के हमले शहीद हो गए। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और राज्यसभा सदस्य कुंवर आरपीएन सिंह ने ब्लाक प्रमुख रंजना पासवान के साथ शहीद के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शहीद सत्यवान को नमन किया। उन्होंने कहा कि सरकार देश की रक्षा के लिए शहीद हुए सत्यवान के परिवार के साथ है।
इस दौरान खड्डा विधायक विवेकानन्द पांडेय, भाजपा नेता महेंद्र पासवान, मंडल अध्यक्ष ज्ञान विक्रम सिंह, सत्यकाम पांडेय, ऋषि त्रिपाठी, सुभाष पांडेय आदि मौजूद रहे।