पडरौना। शहर के लोगों को बहुत जल्द जाम से निजात मिल जाएगी। सुभाष चौक-कोतवाली मार्ग के रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन अंडरपास के कार्य में तेजी आ गई है। रेल लाइन के नीचे अंडरपास निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। अब संपर्क मार्ग की ढलाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
ढलाई का कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर छज्जा निर्माण का काम होगा। उम्मीद की जा रही है कि मार्च तक अंडरपास से लोग फर्राटा भर सकेंगे। उधर शहर के नोनियापट्टी पर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी शुरू हाे गया है। कार्यदायी संस्था पायलिंग का कार्य कर रही है। पुल के निर्माण में तेजी लाने के लिए रेलवे की तरफ से कठकुइयां मार्ग से रेलवे ढाला तक जाने वाले मार्ग का सीमांकन कराया जा रहा है। हालांकि इसका निर्माण पूरा होने में अभी समय लगेगा।
कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पडरौना शहर के बीच से होकर गुजरता है। शहर में आने वाले लोगों को आवागमन में कोई असुविधा न हो इसके लिए रेल लाइन पर पांच स्थानों पर रेलवे क्राॅसिंग बनाई गई है। इस रास्ते जब भी काेई ट्रेन आती है तो शहर की सभी रेलवे क्राॅसिंग एक साथ बंद हो जाती है। इससे शहर दो हिस्सों में बंट जाता है। ट्रेन जाने के बाद जैसे ही रेल फाटक खुलता है तो रेलवे लाइन के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है।
करीब दोनों तरफ 150 से 200 मीटर तक जाम लग जाता है। इस जाम से निकलने में लोगों को 20 से 25 मिनट तक समय लग जाता है। लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए सुभाष चौक से कोतवाली जाने वाले शहर के मुख्य मार्ग पर अंडरपास और कठकुइयां रोड से भूतनाथ कॉलोनी, नोनियापट्टी के रास्ते अंबे चौक जाने वाले बाईपास के नोनियापट्टी रेलवे ढाला पर आरओबी का निर्माण कराया जा रहा है।
शहर के रेलवे ढाला संख्या 68, सुभाष चौक के पास अंडरपास निर्माण में तेजी लाते हुए दो दिसंबर को रेल लाइन उठाकर उसके नीचे गर्डर लगाया गया था। इसके बाद रेल लाइन के नीचे अंडरपास का काम शुरू हुआ। अब अंडरपास के शेष बचे निर्माण कार्य में तेजी आई है। रेलवे के सीनियर सेक्सन इंजीनियर कार्य पीसी शुक्ला ने बताया कि अंडरपास निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। रेल लाइन के नीचे पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है।
सुभाष चौक की तरफ करीब 20 मीटर तक ढलाई का कार्य पूरा करा लिया गया है। कोतवाली की तरफ के रास्ते पर भी गड्ढा खुदाई तेजी से कराया जा रहा है। गड्ढा खुदाई का कार्य पूरा होने के बाद अंडरपास में बरसात के दिनों में जलभराव न हो इसके लिए सड़क पर छज्जा का निर्माण कराया जाएगा। सबकुछ ठीक रहा तो मार्च तक अंडरपास निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
नोनियापट्टी में एल आकार में बनेगा पुल
नोनियापट्टी स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर एल आकार में बनने वाले आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था की तरफ से पायलिंग कराने के साथ आसपास के मोहल्लों में पानी आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए अलग से पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा कठकुइंया रोड से रेलवे ढाला की तरफ से आने वाले मार्ग पर हुए अतिक्रमण हटाने के लिए रेलवे की तरफ से निर्माण कार्य की जद में आने वाले सड़क का सीमांकन कराया जा रहा है।
इसके लिए तहसील प्रशासन को रेलवे की तरफ से पत्र भेजा जा चुका है। सड़क का सीमांकन होने के बाद निर्माण कार्य में भी तेजी आएगी। हालांकि अभी ओवरब्रिज के निर्माण में करीब दो वर्ष का समय लगेगा। शहर में अंडरपास और ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शहर में आने वाले लोगों को जाम से पूरी तरह निजात मिल जाएगी।