जौरा बाजार। पटहेरवा थाना के ग्रामसभा रहसूशुमालीपट्टी में एक व्यक्ति के घर की माली हालत ठीक करने के लिए झाड़फूंक के बहाने पहुंचे मोटरसाइकिल सवार टप्पेबाज दो महिलाओं के सोने का मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए।
क्षेत्र के ग्राम रहसूशुमालीपट्टी निवासी किशन यादव के घर पर दोपहर में मोटरसाइकिल से दो व्यक्ति आए। उनकी मुलाकात किशन यादव से हुई। टप्पेबाजों ने कहा कि चलिए अपना घर दिखाइए। उसके बाद घर के बरामदे में बैठ गए। बैठने के बाद उन्होंने थोड़ा सा चावल लाने को कहा। चावल आ जाने बाद, कुछ देर तक कुछ मंत्र पढ़ा और कहा चाचा आपके घर पर प्रेत का साया है।
यह काम गांव के ही किसी जादू टोना करने वाली महिला ने किया है। पूरे घर के लोगों को विश्वास में लेने के बाद कहा कि अगर आप इससे छुटकारा चाहते हैं तो हम लोग छुटकारा दिला देंगे। घर के लोगों पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद पूजा सामग्री के बारे में बताया।
एक पाव सिंदूर, एक पाव कपूर इस पर घर की महिला ने टोकते हुए कहा कि इतना सब कहां हो पाएगा। घर में पैसा नहीं है। इसका दूसरा उपाय भी है। घर से थोड़ा चावल, लौंग लेकर आइए। टप्पेबाजाें के कहने के अनुसार सब कुछ आ गया। इसके बाद काफी देर तक कुछ बुदबुदाते रहे। काफी देर तक मंत्र जाप का ढोंग करते रहे। उसके बाद कहा कि घर की सभी महिलाएं सोने का जेवर लेकर आएं, उसको हम लोग पानी में डालेंगे।
उस पानी में धुलने के बाद आपका जेवर चमकने लगे तब समझना आपके घर से सभी तरह की प्रेत बाधा धुल गया है। उसके बाद सास और बहू ने अपना अपना सोने का मंगल सूत्र लाकर उन ठगों के हाथ में दे दिया। दोनों टप्पेबाज जेवर को पानी में डालकर फिर उसकी सात पुड़िया बना कर कहा कि इस पुड़िया में आपके जेवर हैं। घर के सब लोग अंदर देवकुरी वाले घर में जाकर कुछ देर तक कुल देवता को याद करने के बाद ही वापस लौटना है। घर की सारी दिक्कत परेशानी दूर हो जाएगी।
घर के लोग अंदर गए। इतने ही देर में ठग फरार हो गए। जब घर के लोग बाहर आए तो दोनों ठग गायब थे। शक के आधार पर उन्होंने जब पुड़िया खोली तो पुड़िया खाली थी।