फाजिलनगर/गुरवलिया बाजार। फाजिलनगर कस्बे में हाईवे पर फ्लाइओवर के निर्माण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के बाद निर्माणाधीन सर्विसलेन और डायवर्जन मार्ग पर पानी भर गया है। सोमवार को सुबह नौ बजे से शाम तक करीब चार बजे तक हाईवे पर करीब पांच किमी तक लंबा जाम लगा रहा। कस्बे के लोगों के अलावा हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों को दुश्वारियों से जूझना पड़ा। उच्चाधिकारियों तक शिकायत पहुंचने पर फाजिलनगर चौकी से दो सिपाही पहुंचे और जाम हटवाना शुरू किया। यह समस्या सिर्फ आज की नहीं बल्कि हर रोज हाईवे से गुजरने वाले लोगों को इससे जूझना पड़ रहा है।
भगवान बुद्ध की अंतिम भोजन स्थली और महावीर की निर्वाण स्थली फाजिलनगर और बघौच मोड़ की पहचान पहले ही ट्रैफिक जाम और ब्लैक स्पॉट के रूप में रही है। कस्बे में मौजूद दो ओवरब्रिज और बिहार व देवरिया की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव बाजार की सड़कों पर पड़ता रहा है। फल मंडी, सड़क किनारे खड़े वाहन और संकरी सर्विस लेन के कारण अक्सर लंबा जाम लगता था।
अब फ्लाईओवर निर्माण शुरू होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। महुअवा कांटा से रज्जब पिपरा तक हाईवे की एक लेन बंद कर निर्माण कार्य चल रहा है। दूसरी लेन से दोनों तरफ का यातायात संचालित किया जा रहा है। बिहार और देवरिया की ओर जाने वाले अधिकांश छोटे-बड़े वाहन कॉलेज रोड, हॉस्पिटल रोड, छोटी ओवरब्रिज और रज्जब पिपरा के डायवर्जन से होकर गुजर रहे हैं। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों सिरों की सर्विस लेन टूट चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। उनमें बारिश का पानी भरने से वाहन चालकों को रास्ता तक दिखाई नहीं देता। दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं जबकि भारी वाहन निकलने से हर समय जाम की स्थिति बन रही है। सबसे अधिक परेशानी बाजार आने वाले लोगों और बस यात्रियों को हो रही है। बघौच मोड़ तक पहुंचने के बजाय लोग हाईवे की एकमात्र चालू लेन पर दौड़कर बस पकड़ने के लिए मजबूर हैं। तेज रफ्तार ट्रकों और बसों के बीच यह स्थिति किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य जरूरी है लेकिन इसके चलते बाजार की रौनक गायब हो गई है। ग्राहक जाम और खराब रास्ते से बचने के लिए बाजार आने से कतरा रहे हैं। वहीं, एंबुलेंस और स्कूल वाहनों को भी डायवर्जन के कारण अतिरिक्त समय लग रहा है।
0000
समस्या सिर्फ निर्माण नहीं, ट्रैफिक प्रबंधन की भी
लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान किसी भी शहर में अस्थायी ट्रैफिक प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण होता है। फाजिलनगर में निर्माण तो शुरू हो गया लेकिन सर्विस लेन की मरम्मत, जलनिकासी, संकेतक बोर्ड, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग और बस स्टॉप की वैकल्पिक व्यवस्था पर्याप्त नहीं दिख रही है। हाईवे की जिस लेन पर दोनों तरफ से वाहन गुजर रहे थे, वहां बाइक सवार हाथ में हेलमेट लेकर ओवरटेक कर रहे थे। इसके अलावा पिपरा रज्जब जहां कट से होकर लोग फाजिलनगर बाजार तक जा रहे हैं वहां ट्रैफिक का कोई प्रबंधन नहीं दिखा जबकि तेज रफ्तार ट्रकों के बीच जल्दबाजी में गाड़ियां निकल रही थीं। यहीं पर कुछ दिन पूर्व गाड़ियां टकराई थीं।
छोटे ओवरब्रिज के पास बड़े गड्ढे थे। उसमें से लोग किसी तरह निकल रहे थे। होटलों के बाहर सड़क पर गाड़ियां खड़ी होने से ओवरब्रिज के पास लंबा जाम था। इसके आगे दूसरी लेन पर समउर जाने वाली सड़क से थोड़ी दूर पहले गड्ढे में गाड़ियां फंस रही थीं। हाईवे की लेन पर भी जलभराव था। जिस बघौच मोड़ पर लोग गोरखपुर जाने के लिए बस पकड़ते थे, उस छोर पर निर्माण के कारण जान जोखिम में डालकर हाईवे से ही बस में चढ़ रहे थे। एक बस के रुक जाने से पूरी लेन जाम हो जाती है।
0
बारिश के चलते सर्विस लेन दोनों तरफ के टूट गए हैं। इसके चलते पानी भर गया है और सुबह से जाम लग रहा है। फ्लाईओवर निर्माण के चलते यह परेशानी है। इसके लिए एनएचएआई के अधिकारी से बात की गई है। जाम की सूचना पर पटहेरवा एसओ को फाजिलनगर में सिपाहियों की तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। -जयंत कुमार यादव,सीओ तमकुहीराज
फाजिलनगर में अंडरपास निर्माण के चलते यहां वाहनों के आवागमन के लिए सर्विस रोड पर रूट डायवर्जन किया गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते छतिग्रस्त सर्विस रोड पर पानी भर गया है। निर्माण करा रहे कंपनी के जिम्मेदारों को सर्विस रोड में बने गड्ढों को मरम्मत कराकर ठीक कराने व बारिश के पानी को वैकल्पिक साधनों से निकालने के लिए निर्देश दिया गया है,ताकि जाम व आवागमन में जल्द से सहूलियत मिल जाए। -ललित प्रताप पाल, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, गोरखपुर
फ्लाईओवर बनने तक ये कदम जरूरी
-क्षतिग्रस्त सर्विस लेन की तत्काल मरम्मत।
-बड़े गड्ढों में गिट्टी-मोरंग भरकर समतलीकरण।
-जलभराव रोकने के लिए अस्थायी नालियां और पंप की व्यवस्था।
-डायवर्जन मार्गों पर पुलिस व होमगार्ड की तैनाती।
-बघौच मोड़ की जगह सुरक्षित अस्थायी बस स्टॉप।
-रात में रिफ्लेक्टर, फ्लैशिंग लाइट और चेतावनी बोर्ड।
-बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए समयबद्ध प्रवेश।
-निर्माण एजेंसी और प्रशासन की संयुक्त साप्ताहिक समीक्षा।
0000
फाजिलनगर में छोटी ओवरब्रिज के पास लगा जाम।संवाद
फाजिलनगर में छोटी ओवरब्रिज के पास लगा जाम।संवाद