मथौली बाजार। रामकोला थाना क्षेत्र के बुनियादी चौराहे के समीप शनिवार की सुबह कुत्ते से टक्कर बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक चला रहे 25 वर्षीय युवक को सिर में गंभीर चोट लगी। आसपास के लोग इलाज के लिए मथौली बाजार सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर पहुंचे घर वाले शव लेकर बिना किसी कार्रवाई के चले गए।
परवरपार गांव के टोला महुआ निवासी रहमतुल्लाह का 25 वर्षीय पुत्र राजू सुबह अपने एक रिश्तेदार के घर से बाइक से वापस लौट रहा था। गांव के नजदीक ही बुनियादी चौराहे के पास अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे के पेड़ से टकरा गई। हेलमेट नहीं पहने होने की वजह से राजू के सिर में गंभीर चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस मंगाकर राजू को इलाज के लिए मथौली बाजार सीएचसी भेजा। वहां पहुंचते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहां पहुंचे परिजन शव लेकर वापस घर लौट गए। इस संबंध में रामकोला एसओ अनिल कुमार का कहना है कि घरवालों ने घटना की सूचना नहीं दी है।