पडरौना। मेडिकल कॉलेज समेत प्राइवेट चिकित्सालयों में पेट से संबंधित रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां ओपीडी में कब्ज की समस्या लेकर आने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा है। डॉक्टरों का कहना है कि 40 वर्ष से अधिक उम्र वाले कब्ज के मरीज ज्यादा मिल रहे हैं। इसकी मुख्य वजह असंतुलित खान पान बताई जा रही है। ऐसे लोगों को संतुलित खानपान की सलाह दी जा रही है।
मेडिकल काॅलेज के वरिष्ठ फिजिशियन डाॅ. उपेंद्र चौधरी ने बताया कि सोमवार को 200 से अधिक मरीज पहुंचे थे। इसमें से 40 प्रतिशत मरीज पेट दर्द, कब्ज और बदहजमी के पाए गए। इनकी उम्र 40 से 60 के बीच रही है। दरअसल इस उम्र में आंत की चाल कम हो जाती है। डीएम गैस्ट्रो डॉ. प्रवीण कुमार राव ने बताया कि लोगों को संतुलित खान पान ही स्वस्थ रख सकता है।
अक्सर पेट से संबंधित बीमारी उन्हीं को हो रही है, जो ज्यादातर फास्टफूड, तेल, मसाला युक्त आहार का इस्तेमाल कर रहे हैं। कुछ लोग तो होटल पर ही दोनों वक्त निर्भर रहते हैं। जिन्हें खाने में तेल, मसाला युक्त भोजन ज्यादा मिलता है। मिलावटी खाद्य पदार्थ का भी सेवन अनजाने में लोग कर रहे हैं। इस वजह से लिवर पर इसका असर पड़ रहा है। मरीजों में फैटी लिवर की समस्या ज्यादातर देखने को मिल रही है। उन्हें दवा देने के साथ परहेज भी बताया जा रहा है।
बरतें सावधानी
पुरूष एवं नेत्र चिकित्सालय के प्रभारीचिकित्साधिकारी डॉ. संजीव सुमन ने बताया कि कब्ज एवं बदहजमी की समस्या से निजात पाने के लिए लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतनी पड़ेगी। खाने के साथ गुनगुना पानी का सेवन अवश्य किया जाए। खाने में फाइबर युक्त खाद्य सामग्री का उपयोग ज्यादा करें। फल और सलाद का सेवन नियमित किया जाए। संतुलित एवं ताजा भोजन लें। खाने में साग, हरी सब्जी का इस्तेमाल करें। तला-भुना चीज से परहेज करें।