तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रूट पर नियमित सुबह में गोरखपुर कैंट-सिवान-गोरखपुर कैंट 55035/55036 पैसेंजर ट्रेन और सप्ताह में तीन दिन गोरखपुर-पाटलिपुत्र-गोरखपुर 15079/15080 मेल पैसेंजर ट्रेन 18 फरवरी से 22 फरवरी तक निरस्त रहेगी। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन इस रूट की लाइफलाइन है। इन दोनों ट्रेनों को पांच दिन तक निरस्त होने से मुश्किलें बढ़ेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे ने कप्तानगंज थावे रेलमार्ग की ट्रेनों को लगातार निरस्त किए जाने से यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक माह के अंदर कभी 55107/55108 पैसेंजर ट्रेन तो कभी 55035/55036 और कभी 55115/55116 को कई बार निरस्त किया जा चुका है।
एक बार फिर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए सुबह में गोरखपुर कैंट से सिवान और शाम में सिवान से गोराखपुर कैंट तक चलने वाली 55035/55036 पैसेंजर ट्रेन तथा सप्ताह में तीन दिन सुबह में गोरखपुर से पाटलिपुत्र और रात में पाटलिपुत्र से गोरखपुर चलने वाली 15079/15080 मेल पैसेंजर को 18 फरवरी से 22 फरवरी तक के लिए निरस्त कर दिया है।
यात्रियों का कहना है कि इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। क्षेत्र के राहुल सोनी, मनीष रौनियार, राकेश मद्धेशिया, अभिषेक शुक्ल, संजय राय, आदित्य वर्मा आदि लोगों ने बताया कि इस रूट के लिए ट्रेनें लाइफलाइन के समान है जो सुगम व सुरक्षित यात्रा के लिए मुफीद मानी जाती है।
मांगलिक सीजन में बार-बार इन ट्रेनों के निरस्त किए जाने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेगी और उनकी यात्रा प्रभावित होगी।