पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव से दो किशोरियों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने दोनों किशोरियों के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से शीघ्र ढूंढ़ने की मांग की है।
पीड़ित पिता के अनुसार, 16 मई की सुबह दोनों बच्चियां घर पर थीं। अचानक दोनों लापता हो गईं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने गांव और रिश्तेदारियों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों ने बताया कि बच्चियों के सामान की जांच के दौरान एक मोबाइल फोन मिला है। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। परिजनों का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने पुलिस से अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। संवाद