कप्तानगंज आरपीएफ ने चरस के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।स्रोत-सोशल मीडिया
कप्तानगंज(कुशीनगर)। रक्सौल से आनंद बिहार जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस के एस टू कोच से आरपीएफ ने 4.318 किलोग्राम चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। महराजगंज जिले के सिसवा बाजार और घुघली रेलवे स्टेशन के बीच जांच के दौरान दोनों पकड़े गए। आरपीएफ ने बरामद चरस की कीमत 11 लाख रुपये बताई है। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर आरपीएफ कप्तानगंज और पोस्ट नरकटियागंज की टीम बुधवार को सिसवा बाजार और घुघली के बीच ट्रेनों में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सत्याग्रह एक्सप्रेस के कोच एस-टू के दरवाजे के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। तलाशी में दोनों के पास से 14 पैकेट चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान तराबुल पुत्र सकुर निवासी गौरीपुर शेख टोला, थाना बलथर और जोगिंदर प्रसाद पुत्र रामस्वरूप शाह निवासी बेलवानीया, थाना मैनाटाड़, जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई।
तराबुल के पास से 2.150 किलोग्राम और जोगिंदर के पास से 2.168 किलोग्राम चरस बरामद हुई। आगे की कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों को जीआरपी गोरखपुर को सौंप दिया गया। प्रभारी निरीक्षक परमेश्वर कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।