फाजिलनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के परसौनी गांव में नव निर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि पूर्व में हुए समझौते के आधार पर एक पक्ष की तरफ से मंदिर परिसर से अलग यज्ञ कराने और दूसरे पक्ष की तरफ से मंदिर परिसर में मूर्ति रखने पर विवाद की स्थिति देख पुलिस ने मंदिर परिसर में मूर्ति रखने से मना कर दिया।
गांव में जनसहयोग से मंदिर का निर्माण हुआ है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्राम प्रधान की अगुवाई में बीते दो फरवरी से प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ चल रहा है। इसी बीच गांव का दूसरा पक्ष उसी स्थान पर यज्ञ को नौ फरवरी से कराने की तैयारी करने लगा।
इसके बाद मामला थाने पर पहुंचा तो दोनों पक्षों में आम सहमति बनी कि दोनों पक्ष अपने निर्धारित समय पर मंदिर परिसर में अगल-अलग स्थान पर यज्ञ कराएंगे।
इसके बाद ग्राम प्रधान की तरफ से मंदिर परिसर से अलग हटकर दो फरवरी से यज्ञ का शुभारंभ कराया गया। मंगलवार को शाम दूसरे पक्ष ने प्राण प्रतिष्ठा के लिए कई देवी देवताओं का मूर्ति मंदिर परिसर में पहुंचा दिया।
इसकी जानकारी होने पर दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मंदिर परिसर में यथा स्थिति बनाते हुए दूसरे पक्ष को मंदिर में मूर्ति रखने से मना कर दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पटहेरवा धीरेंद्र राय ने बताया कि विवाद की स्थिति में पूर्व के समझौते के आधार पर मन्दिर परिसर में किसी प्रकार के आयोजन से मना करते हुए शांति व्यवस्था के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई किया जाएगा।