पडरौना। क्षेत्र में विभागीय स्तर पर प्राइवेट स्कूलों की जांच की जा रही है। मंगलवार को बीईओ की जांच में दो स्कूलों में मान्यता न होने के बाद भी कक्षाएं संचालित मिलीं। बीईओ ने विभागीय नोटिस जारी कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। सुकरौली बीईओ जया राय ने मंगलवार को क्षेत्र के नाउमुंडा स्थित एसआरपी स्कूल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय का संचालन कक्षा एक से आठ तक संचालित होता पाया जबकि विद्यालय की मान्यता कक्षा एक से पांचवीं तक ही है। उन्होंने बगल के परिषदीय स्कूल में छात्रों के नामांकन के लिए विभागीय स्तर पर शिक्षकों को निर्देशित किया।
इसके बाद उन्होंने एसआरपी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान बीईओ को विद्यालय प्लेवे से बारहवीं तक संचालित मिला। जबकि स्कूल की मान्यता नौ से इंटर तक है। उन्होंने आठ तक के छात्रों को बगल के परिषदीय स्कूल में नामांकन के लिए प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया। इस संबंध में बीईओ जया राय ने बताया कि शासन के गाइड लाइन के अनुसार ही स्कूलों का संचालन होना है। विभागीय स्तर पर अभियान चलाकर ऐसे मनक विहीन स्कूलों की जांच पड़ताल की जा रही है। छात्रों को बगल के परिषदीय स्कूल में शिफ्ट कराने का निर्देश दिए हैं। आगे भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।