कसया ब्लॉक के दो स्कूल शिक्षक विहीन
कसया (कुशीनगर)। नए शिक्षकों की तैनाती के बावजूद कसया ब्लॉक के स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। नई तैनाती व अंतर जनपदीय तबादले के बाद इस क्षेत्र में दो स्कूल शिक्षक विहीन हो गए हैं। जबकि 41 स्कूलों में एक ही अध्यापक है।
छह से 14 साल के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए निशुल्क ड्रेस, किताब, बैग, जूता-मोजा, एमडीएम आदि योजनाएं सरकार चला रही है, लेकिन शिक्षकों की तैनाती करते वक्त पढ़ाई के लिए जरूरी व्यवस्था का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। इस ब्लॉक में कुल 174 विद्यालय बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित हैं। इसमें 118 प्राथमिक, 24 कंपोजिट व 32 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। स्कूलों पर शिक्षकों की तैनाती में मानकों का ख्याल नहीं रखने के चलते कहीं जरूरत से अधिक शिक्षक हैं तो कई स्कूल शिक्षक विहीन हो गए हैं। कुछ स्कूल तो शिक्षामित्रों के भरोसे चल रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय झुंगवा और प्राथमिक विद्यालय शिवराजी पट्टी शिक्षक विहीन हो गए हैं। 41 विद्यालए ऐसे हैं जहां सिर्फ एक शिक्षक ही है। इस संबंध में बीईओ अनूप गुप्ता का कहना है कि अंतरजनपदीय स्थानांतरण से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। नए शिक्षकों की भर्ती के बाद अधिकांश विद्यालयों पर शिक्षकों की तैनाती हुई है, जिन पर शिक्षकों की कमी है वहां तैनाती कराने का प्रयास किया जाएगा।