बीडीओ की रिपोर्ट पर दो सफाई कर्मचारी निलंबित
जटहां बाजार। विशुनपुरा के बीडीओ ने शनिवार की शाम खेसिया गांव में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। गांव में जगह-जगह कूड़े करकट का ढेर मिलने पर नाराजगी जताई। बीडीओ की रिपोर्ट पर डीपीआरओ ने दोनों सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
जिले में स्वच्छता पखवारा चल रहा है, जिसमें ग्राम पंचायतों की सफाई पर विशेष ध्यान देना है। शनिवार की शाम को बीडीओ आनंद प्रकाश और एडीओ पंचायत रामायण गुप्त ने खेसिया गांव का निरीक्षण किया। पूरे गांव में जगह-जगह कूड़े का ढेर और गंदगी मिली। इसके अलावा शिव मंदिर के पास भी गंदगी मिली। लोगों ने बताया कि एक सप्ताह से कूड़ा सड़कों के किनारे फेंका गया है। बीडीओ ने कार्रवाई के लिए संतुति करब दिया। डीपीआरओ राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि बीडीओ की रिपोर्ट पर गांव में तैनात सफाई कर्मचारी सुभाष प्रसाद और शिवकुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कहीं से लापरवाही मिली तो तत्काल कार्रवाई होगी।