कप्तानगंज। कप्तानगंज-परतावल मार्ग (एनएच-730) पर इंदरपुर चौराहे के पास मंगलवार रात करीब 10:30 बजे कार और क्रेन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार महराजगंज जिले के निजी स्कूल के प्रधानाचार्य और चालक की मौत हो गई। दोनों देवरिया में रिश्तेदारी से मिलकर घर लौट रहे थे। हादसे में क्रेन चालक भी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर नोनिया टोला निवासी उद्धव पांडेय (32) कार चला रहे थे। उनके साथ कार स्वामी और लक्ष्मीपुर देवरवा निवासी नित्यानंद मणि त्रिपाठी (45) भी सवार थे। दोनों मंगलवार दोपहर देवरिया में एक रिश्तेदार से मिलने गए थे।
रात में घर लौटते समय इंदरपुर चौराहे से कुछ दूरी पर परतावल की ओर से आ रही क्रेन से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्रेन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नित्यानंद मणि त्रिपाठी लक्ष्मीपुर में निजी स्कूल चलाते थे और वहां प्रधानाचार्य भी थे। उद्धव पांडेय इसी स्कूल में चालक के पद पर कार्यरत थे। एक ही हादसे में दोनों की मौत से परिवारों के साथ स्कूल से जुड़े लोगों में शोक है।