हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से जितेंद्र की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।संवाद।
- फोटो : KUSHINAGAR
आग बुझाते करंट की चपेट से दो लोगों की मौत
कसया (कुशीनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिरसिया गांव में टूटकर गिरे बिजली के तार से लगी आग को बुझाने के चक्कर में दो लोगों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
इस गांव में आश्रम पद्धति विद्यालय के पीछे शुक्रवार की दोपहर हाई वोल्टेज तार टूटकर गिर गया। इससे खाली जगह में उगी घास आदि जलने लगी। आग बुझाने के लिए ग्रामीण दौड़ पड़े। दो लोग आग बुझाते समय तार से करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कसया थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव के बाहर हेतिमपुर फीडर की हाई वोल्टेज लाइन का तार शुक्रवार को गिर गया। इससे वहां घास जलने लगी। गांव के लोग लोग गन्ना तोड़कर आग बुझाने लगे। इसी दौरान ग्राम सभा भैसहा (पकड़िहवा) निवासी उदित (55) पुत्र गंगा और जितेंद्र (32) पुत्र डोमा भी आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। वहां दोनों हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एसएचओ कसया आशुतोष तिवारी मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कराकर उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का जायजा लेने नायब तहसीलदार आशीष गुप्ता भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। ग्रामीण बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि तार जर्जर होने के बाद भी नहीं बदला जा रहा है। इस तरह की घटना पूर्व में भी हो चुकी है। इस संबंध में एसएचओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।