कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिरसिया गांव के पश्चिम और आश्रम पद्धति विद्यालय के पीछे सरेह में शुक्रवार की दोपहर हाई वोल्टेज तार टूटकर गिर गया। इससे परती खेत में आग लग गई और उसमें उगी खर-पतवार जलने लगी। आग बुझाने के लिए ग्रामीण दौड़ पड़े। दो लोग आग बुझाते समय विद्युत तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कसया थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव के सिवान में कसया से भुजौली जा रही हेतिमपुर फीडर की हाई वोल्टेज लाइन का तार शुक्रवार को गिर गया। इससे परती में उगा खर-पतवार जलने लगा। उसे बुझाने के लिए गांव के लोग लोग गन्ना तोड़कर आग बुझाने लगे। इसी दौरान ग्राम सभा भैसहा (पकड़िहवा) निवासी उदित (55) पुत्र गंगा और जितेंद्र (32) पुत्र डोमा भी आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। वहां दोनों हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसएचओ कसया आशुतोष तिवारी मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल का जायजा लेने नायब तहसीलदार आशीष गुप्ता भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। ग्रामीण विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे कि तार जर्जर होने के बाद भी नहीं बदला जा रहा है। इस तरह की घटना पूर्व में भी हो चुकी है। इस संबंध में एसएचओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।