कसया। थाना क्षेत्र के प्रमोद कुमार गुप्ता निवासी करहिया हजारी पट्टी और जितेंद्र कुमार सिंह निवासी साखोपार पर आरोप है कि दोनों ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिये एक से अधिक पासपोर्ट बनवा लिया। नोडल अधिकारी एएसपी के निर्देश पर हुई जांच में यह बात प्रमाणित हुई कि आरोपियों ने जानबूझकर अलग-अलग जन्मतिथि और दस्तावेजों का सहारा लेकर पासपोर्ट हासिल किए।
जांच के दौरान प्रमोद कुमार गुप्ता के दो पासपोर्ट सामने आए, जिनमें जन्मतिथि अलग-अलग पाई गई। एक पासपोर्ट में जन्मतिथि 01 जनवरी 1994 दर्ज, जबकि दूसरे में 02 अप्रैल 1992 अंकित कराई गई थी। इसी तरह जितेंद्र कुमार सिंह के भी दो पासपोर्ट जारी होने का खुलासा हुआ। एक पासपोर्ट हाईस्कूल प्रमाणपत्र के आधार पर बना, दूसरे में जन्मतिथि बदलकर नया पासपोर्ट जारी कराया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि पहले पासपोर्ट के खोने या क्षतिग्रस्त होने की कोई विधिवत सूचना नहीं दी गई थी, फिर भी दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया गया। दोनों पासपोर्ट में नाम और जन्मतिथि में स्पष्ट अंतर पाया गया।
पुलिस जांच के अनुसार, यह कृत्य जानबूझकर किया गया अपराध है, जिसमें एक ही व्यक्ति द्वारा अलग-अलग पहचान बनाकर दो पासपोर्ट हासिल किए गए। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में सीओ कुंदन सिंह ने कहा कि दो पासपोर्ट में फर्जीवाड़ा पाए जाने पर धोखाधड़ी और जालसाजी का केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।