रामकोला। कठबरहवा गांव में रविवार को जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट व पथराव होने लगा। बीच-बचाव करने आए कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। सभासद के वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस बल ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध शांति भंग के तहत कार्रवाई की है।
गांव निवासी अमित यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे उनकी जमीन की पैमाइश होनी थी। लेखपाल दिलीप सिंह, पुलिस बल और क्षेत्र के सभासद जय प्रकाश राव के साथ मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि टीम के पहुंचते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने पैमाइश का विरोध करने लगे।
मामले में पुलिस ने अमित यादव की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। इस संबंध में एसओ चंद्रभान सिंह ने कहा कि लेखपाल की मांग पर पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। लेखपाल अभी नक्शा देख ही रहे थे कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। पुलिस और ग्रामीणों ने सूझबूझ से विवाद को शांत कराया।