दो विभागों के अधिकारियों को अपने विभाग से जुड़ी सूचनाएं उपलब्ध न कराने पर राज्य सूचना आयोग ने संज्ञान में लिया है। राज्य सूचना आयोग ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और पडरौना नगरपालिका के ईओ को 13 तारीख को आयोग के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। समय से उपस्थित न होने पर इनके विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विशुनपुरा ब्लॉक के सिंगापट्टी के निवासी सुखारी ने अपने गांव और अन्य पांच स्थानाें पर संचालित हो रहे मदरसाें की मान्यता और विज्ञान शिक्षकों की नियुक्ति के संबंध में सूचनाएं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से मांगी थीं। लेकिन विभाग ने सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराईं। सूचना देने की समय सीमा खत्म हो जाने पर आवेदक ने राज्य सूचना आयोग में अपील की।
आयोग ने इस संबंध में लापरवाही मानते हुए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को 13 जनवरी को तलब किया है।
एक अन्य मामले में सुखारी ने पडरौना नगरपालिका के ईओ से सूचना मांगी थी। उनकी तरफ से भी सूचना न देने और समयावधि बीत जाने पर सुखारी ने राज्य सूचना आयोग की शरण ली थी, जिस पर आयोग ने पूर्व ईओ को 13 जनवरी को लखनऊ पहुंचने का निर्देश दिया है।