अल्ट्रासाउंड सेंटर सीज, दो नर्सों पर केस दर्ज करने का आदेश
- फोटो : अमर उजाला
रामकोला (कुशीनगर)। एसडीएम कप्तानगंज ने शुक्रवार को दोपहर में रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। वहां सरकारी आवास में प्राइवेट प्रैक्टिस करने के आरोप में उन्होंने दो स्टॉफ नर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। वहीं, एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सीज कर दिया। इसके अलावा उन्होंने एक बिचौलिया और एक अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक को भी पुलिस के हवाले कर दिया।
एसडीएम त्रिभुवन ने शुक्रवार को रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस अस्पताल में तैनात दो स्टॉफ नर्स अपने सरकारी आवास में मरीजों का इलाज करते मिलीं। आवास पर एक अन्य महिला मिली, जिसने बताया कि कस्बे के एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर उसे एक व्यक्ति के साथ भेजा गया था, जहां एक हजार रुपये लेकर उसका अल्ट्रासाउंड किया गया। महिला की निशानदेही उस बिचौलिए को पकड़ लिया गया। फिर उसी महिला के बताने पर एसडीएम उस अल्ट्रासाउंड सेंटर पर गए और उसे सीज कर संचालक को पुलिस को सौंप दिया।
एसडीएम ने अपने सरकारी आवास में मरीज का इलाज कर रही दोनों स्टॉफ नर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल की जमीन पर अवैध निर्माण कराने वाले दो व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लैब में अनाधिकृत रूप से काम करते मिले एक युवक को उन्होंने बाहर का रास्ता दिखा दिया। एसडीएम के निरीक्षण व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रजनीश श्रीवास्तव, एसओ अनिल कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।