दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही बाजार में सोने-चांदी की दुकानों पर बुधवार को जेवर खरीदारी करने आईं महिलाओं ने दुकानदारों से 60 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिलाओं ने देखने के लिए सोने की बाली लिया और बदल कर पीतल की बाली रख दी। फिर पैसा लाने के बहाने निकल गईं।
दुकानदारों को बाद में इसकी जानकारी हुई तो वह भौंचक्का रह गए। महिलाओं की सीसीटीवी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक बुधवार को दिन में करीब 11 बजे चार महिलाएं गोला बाजार स्थित प्रकाश वर्मा की आभूषण की दुकान पर पहुंचीं। जहां उनके छोटे भाई दुकान पर थे। महिलाओं ने दुकान पर बाली दिखाने को कहा।
दुकानदार ने प्लास्टिक की पैकेट में अलग-अलग रखा 8 सेट बाली दिखा दिया। महिलाओं ने काफी देर तक देखा। कीमत पूछीं तो दुकानदार ने 30 हजार बताया। फिर महिलाओं ने पास में 10 हजार रुपये होने की बात बताई और कहा कि और पैसा लेकर अभी आएंगी। इसके बाद चली गईं।
बाद में तीन अन्य महिलाएं चांदनी चौक पर रवि वर्मा की दुकान पर पहुंचीं। जहां बाली दिखाने को बोलीं तो दुकानदार ने झुमका दिखाया। झुमका देखने से मना कर दिया। फिर दुकानदार ने अपने पड़ोसी दुकानदार से 10 ग्राम का अलग-अलग 8 बाली लाया। महिलाओं ने देखा और मूल्य पूछा तो 28 हजार बताया। महिलाओं ने थोड़ी देर बाद आने की बात कह कर वापस चली गईं।
काफी देर तक बाद नहीं आईं तो जिस दुकान से बाली लाया था वह तौल में 900 मिली सोना कम हो गया। फिर सभी बाली पैकेट से निकाल कर देखा गया तो एक पैकेट में सोना की जगह पीतल की बाली रख कर सोना की बाली महिलाएं लेकर चंपत हो गईं थीं।
दुकानदार महिलाओं को खोजने लगा। जानकारी होने पर प्रकाश वर्मा भी अपना बाली का पैकेट चेक किया तो एक पैकेट में सोना की बाली की जगह पीतल का मिला। दोनों दुकानदारों ने काफी दूर तक महिलाओं की तलाश किया, लेकिन पता नहीं चला। फिर सीसीटीवी कैमरा जांच किया गया। जिसमें महिलाएं पैकेट में बाली बदलते नजर आईं। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।