101 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
- कंटेनर से तस्करी कर ले जा रहे थे दिल्ली
पडरौना। तरयासुजान थाने की पुलिस ने शुक्रवार शाम सलेमगढ़ एनएच 28 के पास से एक कंटेनर के केबिन में छिपाकर ले जा रहे कुल 101.5 किलो अवैध गांजा वाहन सहित बरामद किया है। साथ में दो अंतरराज्यीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। तस्करों की पहचान दीपक कुमार यादव पुत्र शिवसागर यादव, मोहम्मद रजा पुत्र मो. याकूब निवासी धूमनगंज हरवारा थाना धूमनगंज जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है।
शनिवार को एसपी धवल जायसवाल ने पुलिस सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि मुखबिर की सूचना पर तरयासुजान की पुलिस ने कंटेनर की केबिन में गांजा के साथ दो तस्कर को पकड़ा है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि गांजा गोहाटी, असम से दिल्ली लेकर जा रहे थे, जहां पर सेटिंग करके उचित दाम पर बेच देते हैं। एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विविध कार्रवाई की जा रही है।