फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: अब किशोरियों की आत्महत्या की वजह तलाशेगी पुलिस, कार्रवाई शुरू

Wed, 30 Aug 2023 12:23 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
बिहार बार्डर के जीरो बाड़ी नहर से रानी ठाकुर का शव निकालते एसडीआरएफ की टीम।संवाद
विज्ञापन
फोटो है।
विज्ञापन

नहर में कूदकर जान देने वाली किशोरियों की आत्महत्या के बारे में कोई सटीक जानकारी न होने से कार्रवाई शुरू नहीं कर रही थी पुलिस
दूसरी किशोरी की तलाश में बुधवार को भी मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में लगाई जाएगी एसडीआरएफ की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। आत्महत्या करने की नीयत से अपने घर से करीब 15 किलोमीटर दूर सेवरही थाना क्षेत्र में आकर मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में कूदीं दोनों सहेलियों में एक का शव मिलने के बाद पुलिस अब इस बात को लेकर आश्वस्त हो गई है कि दोनों ने जान दी है। इसके पहले तक पुलिस कोई ठोस आधार न होने के कारण कार्रवाई करने से बच रही थी। जैसे ही एक का शव नहर में मिला, कार्रवाई शुरू कर दी। सबसे पहले किशोरियों के कोचिंग टीचर को गिरफ्तार किया। पुलिस अब इन दोनों किशोरियों की आत्महत्या करने की वजह तलाशने में जुट गई है।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी और इसी गांव की दूसरी किशोरी रविवार को एक साथ लापता थीं। दोनों सहेलियां थीं। रविवार को इन दोनों की चप्पलें और दुपट्टे मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पुल पर मिले थे। इनके नहर में कूदने की आशंका से रविवार से ही खोजबीन चल रही है, लेकिन पता नहीं चल रहा था।
विज्ञापन

पुलिस अधिकारी इस बात को मानने से कतरा रहे थे कि इन दोनों ने नहर में कूदकर जान देने की कोशिश की है। लेकिन घटनास्थल पर मिलीं चप्पलें और दुपट्टे की वजह से संदेह के आधार पर तलाश की जा रही थी। दो दिन घटनास्थल के आसपास ही खोजबीन हो रही थी। नहर में पानी भरा होने और बहाव तेज होने के कारण ये बहकर काफी दूर चली गई थीं।
मंगलवार को सुबह से एसडीआरएफ की टीम उन्हें खोजते हुए कुशीनगर जनपद की सीमा पार कर बिहार प्रांत में गोपालगंज जनपद की सीमा में करीब 500 मीटर अंदर कुचायकोट थाना क्षेत्र के जीरो ऑडी सुखदेवपट्टी के पास पहुंच गई। वहां नहर में एक किशोरी की लाश मिली। यह जगह दोनों सहेलियां जहां डूबी थीं, वहां से करीब 14 किलोमीटर दूर है।
शव को नहर से बाहर निकाला गया। तब तक घर के अन्य लोग भी पहुंच गए। तमकुहीराज के एसडीएम विकास चंद्र, सीओ जितेंद्र सिंह कालरा, तरयासुजान के इंस्पेक्टर अमित शर्मा, सेवरही के हर्षवर्धन सिंह और तमकुहीराज के नीरज राय भी आ गए। वहां किशोरी के परिजन शव देखकर विलाप करने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक किशोरी का शव मिलने के बाद दोनों किशोरियों के नहर में कूदकर जान देने की बात काफी हद तक पुष्ट हो गई।
दूसरी की तलाश भी वहां से एक किलोमीटर के दायरे में की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। तब तक अंधेरा हो गया। इस वजह से रेस्क्यू रोकना पड़ा। बुधवार को सुबह पुन: उसकी तलाश होगी।

अब घटना की तह में जाने के लिए पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
दोनों सहेलियों के नहर में कूदकर जान देने की बात से पुलिस मंगलवार को तीसरे दिन शव मिलने के पहले तक इन्कार करती रही। पुलिस का कहना था कि जब तक दोनों मिल नहीं जातीं, तब तक जांच या कार्रवाई का कोई आधार नहीं बन रहा है। एक किशोरी का शव मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी। सबसे पहले उनके कोचिंग टीचर असलम को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई दूसरी किशोरी के पिता की तरफ से दी गई गुमशुदगी की तहरीर के आधार पर की गई। पुलिस इस मामले में गुमशुदगी पहले ही दर्ज कर चुकी है।
पुलिस अब असलम से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में अभी कई ऐसे राज बाहर आएंगे, जिसका किसी को अंदाजा भी न होगा कि ऐसी भी घटना हो सकती है। क्योंकि एक गांव की रहने वालीं दो सहेलियों का एक साथ इस तरह नहर में कूदना किसी को समझ में नहीं आ रहा है।
आखिर ऐसा कौन सा रहस्य है, जो या तो लोगों को पता नहीं है या जाहिर नहीं करना चाहते। पुलिस भी दोनों किशोरियों का पता चलने से पहले इनके बारे में कुछ भी बताने या कार्रवाई करने से इन्कार करती रही।
शव मिलने के बाद गांव वाले भी हैं हैरान
एक किशोरी का शव मिलने के बाद उसके गांव के लोग भी हैरान थे। कई लोग यह कह रहे थे कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि दोनाें नहर में कूद जाएंगी। किशोरी के घर पर सन्नाटा छाया हुआ था। शाम को परिजन घर आए। जब यह मालूम हो गया कि किशोरी अब इस दुनिया में नहीं है और उसका शव मिल गया है। घर पर चीत्कार मच गई। कई लोग यह कहते सुने गए कि बेटी की खोजबीन की जानकारी होने पर वहां चले गए थे।

दूसरी किशोरी की मां और अन्य लोग अंधेरे में भी खोजते रहे बेटी को
दूसरी किशोरी की मां और रिश्तेदारों को जब पता चला कि एक किशोरी का शव बिहार सीमा में मिला है तो वे भी पहुंचे। इस उम्मीद में कि एक का शव मिला है तो शायद उनकी बेटी का भी कहीं आसपास मिल जाए। एसडीआरएफ और पुलिस के साथ आसपास नजरें दौड़ाते रहे। पुलिस के जाने के बाद अंधेरे में भी टॉर्च की रोशनी में उसे ढूंढने की कोशिश की। उन्हें भी सफलता नहीं मिली तो निराश मन से घर लौट आए।

जहर खाने वाले किशोर के घर पर तीन दिन से बंद है ताला
बताया जा रहा है कि एक गांव की निवासी दोनों किशोरियों के हमउम्र किशोर ने घटना के दिन ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसका भी ताल्लुक कहीं न कहीं इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का संदेह भी उस पर गहरा गया है। परिवार का कोई सदस्य तीन दिनों से घर आया भी नहीं। उधर, बताया जा रहा है कि उसका इलाज गोरखपुर में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस कारण पुलिस अभी उसके ठीक होने का इंतजार कर रही है। किशोरी का शव मिलने के बाद पुलिस की जांच शुरू हो गई है, जिसके बाद इस घटना में कई नई बातें सामने आने की संभावना दिख रही है।
विज्ञापन

इंस्पेक्टर बोले
तरयासुजान थाने के इंस्पेक्टर अमित शर्मा ने बताया कि किशोरियों के बारे में कुछ पता न चलने के कारण कोई जांच या कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। एक का शव मिलने के बाद यह बात पुष्ट हो गई है कि दोनों ने नहर में कूदकर जान दी थी। अब पुलिस की निगाह घटना के कारणों की तरफ है। जांच के साथ-साथ कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। कोचिंग टीचर को गिरफ्तार करने के बाद घटना से जुड़े हर पहलू पर गहन जांच की जाएगी। जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें