तमकुहीराज। छह गोवंश को वध के लिए बिहार ले जा रहे दो तस्करों व पुलिस में लतवा बाजार के पास नहर की पटरी पर बुधवार सुबह मुठभेड़ हो गई। एक पशु तस्कर के पैर में गोली लग गई। जबकि दूसरे को पुलिस टीम ने दौड़ाकर दबोच लिया। मुठभेड़ की कार्रवाई करीब दो घंटे चली।
इस दौरान लतवा बाजार से कोटवा गुलाबराय को जोड़ने वाली मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी पर आवागमन बाधित रहा। घायल पशु तस्कर को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सीओ तमकुहीराज अमित सक्सेना ने बताया बुधवार को सूचना मिली कि तस्कर गोवंशों को पिकअप में लादकर बिहार जा रहे हैं। सूचना के बाद इंस्पेक्टर तमकुहीराज अमित शर्मा, तरया सुजान राजप्रकाश सिंह, पटहेरवा दीपक सिंह व साइबर थाने के इंस्पेक्टर मनोज पंत की अगुआई में पुलिस टीम ने वाहनों की जांच शुरू कर दी। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवा बाजार-कोटवा गुलाब राय को जोड़ने वाली नहर की पटरी पर पिकअप आता दिखा। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो तस्कर फायरिंग करते हुए पैदल भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस को निशाना बनाकर फायरिंग करने लगे।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिहार के गोपालगंज थाने के मुफरी टोला निवासी निवासी मुन्ना मियां घायल हो गया।उसके साथी कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा हरदो माफ़ी टोला निवासी गुड्डू यादव को दबोच लिया गया। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से पिकअप में लदे छह गोवंशों को मुक्त कराया। इनके पास से लकड़ी का ठीहा, रस्सी, दो अवैध तमंचे, छह कारतूस, चार खोखे व नकदी आदि बरामद की गई।
घायल पशु तस्कर मुन्ना मियां के खिलाफ कसया थाने में पशु तस्करी का एक केस दर्ज है। जबकि गुड्डू यादव के खिलाफ कुबेरस्थान थाने में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित अन्य विभाग धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज है। पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपियों ने बताया कि पशु तस्करी का एक संगठित गिरोह है जो सीमावर्ती क्षेत्रों के रास्ते गोवंशीय पशुओं को वाहनों में क्रूरता पूर्वक लादकर बिहार आदि राज्यों में वध के लिए ले जाते हैं।