सड़क हादसे में बाइक सवार दो व्यक्ति घायल
पटहेरवा (कुशीनगर )। थाना क्षेत्र के पटहेरवा ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर शाम तकरीबन साढ़े सात बजे फाजिलनगर से तमकुहीराज की तरफ से जा रहे बाइक सवारों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें फाजिलनगर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
बिहार के गोपालगंज जनपद के पसरा गांव निवासी रामजीत शाह (50) और रघुनाथ महतो (30) शुक्रवार देर शाम घर जा रहे थे। तकरीबन साढ़े सात बजे पटहेरवा ओवरब्रिज पर उन्हें किसी वाहन ने टक्कर मार दी और भाग गया। बाइक सड़क पर घिसटती हुई डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने फोन कर एंबुलेंस बुलाई और घायलों को फाजिलनगर सीएचसी भेजा, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक ने यदि हेलमेट नहीं लगाया होता तो उसकी जान जा सकती थी। हेलमेट सिर से निकल जाने के कारण उसे चोटें आईं हैं।