अहिरौली बाजार। पुलिस ने सोमवार को चोरी की बाइक व एंड्राइड मोबाइल फोन के साथ दो आरोपियों को को गिरफ्तार किया है। पुलिस बरामद बाइक और मोबाइल को कब्जे में लेकर गिरफ्तार चोरों को जेल भेज दिया।
अहिरौली बाजार थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव पगरा निवासी अरुण जायसवाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि शनिवार की रात चोर घर में घुसकर मोबाइल सहित चार हजार रुपये उठा ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात के विरुद्ध चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी।
पुलिस ने गश्त के दौरान थाना क्षेत्र के गांव मुंडेरा नहर पुलिया के पास से गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के गांव नथुआ निवासी अभिषेक चौहान (21) और आकाश उपाध्याय उर्फ प्रिंस (19) को संदेह के आधार पर गिरफ्तार कर पूछताछ की तो दोनों युवकों ने चोरी करने की बात को स्वीकार किया। उनके पास से चोरी की एक बाइक, चार एंड्रायड मोबाइल, एक चाकू और 1908 रुपये नकद बरामद किया। पुलिस बरामद बाइक, मोबाइल और रुपये को कब्जे में लेकर गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर जेल भेज दिया।