खिरकिया बाजार में जाम में फंसीं दो एंबुलेंस। स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खिरकिया बाजार में जाम की समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है। रविवार की दोपहर को एक बार फिर बाजार में जाम लग गया, जिससे वाहनों के पहिए काफी देर तक जाम में फंसे रहे। हालत यह रही कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया।
जाम के दौरान दो एंबुलेंस मरीजों को लेकर फंस गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक एंबुलेंस में सवार मरीज की हालत जाम में फंसे रहने के कारण और अधिक गंभीर हो गई। काफी देर तक एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे मरीज के परिजन बेबस होकर रोने लगे। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह रास्ता बनवाकर एंबुलेंस को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और पटरियों पर अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। सड़क किनारे खड़े वाहनों से रोजाना जाम की स्थिति बनती है।