हाटा। हाटा नगर के ढांढा मोहल्ले में प्रत्येक सप्ताह रविवार को लगने वाला पुराना पशु बाजार पुलिस की कार्रवाई के बाद बंद करा दिया गया। आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खरीद के लिए आते हैं। पुलिस कप्तान के निर्देश पर हाटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाजार की गतिविधियों को रुकवाया और पशु व्यापारियों को वहां से हटा दिया। पुलिस का कहना है कि इस बाजार के माध्यम से पशु तस्करों को फायदा पहुंचने की आशंका जताई जा रही थी।
सूत्रों के अनुसार, बाजार लगने का लाइसेंस कुछ महीने पहले ही समाप्त हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद यह नियमित रूप से खुलता रहा। बिना वैध लाइसेंस के बाजार लगने से प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन हो रहा था। साथ ही, पशुओं के आवागमन से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी ठीक से नहीं की जा रही थी। पशु बाजारों में तस्करों को कई तरह की सुविधाएं मिल जाती हैं। भीड़ के कारण पशुओं की पहचान और स्रोत का पता लगाना मुश्किल होता है। बिना टैग और परिवहन परमिट के पशु लाए और बेचे जाते हैं। कई बार रात के समय या भीड़ का फायदा उठाकर पशु दूसरे जिलों या राज्यों में ले जाए जाते हैं। हाटा कोतवाल रामसहाय चौहान ने बताया कि पशु तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति के किसी भी पशु बाजार का आयोजन अब नहीं होने दिया जाएगा।