हाटा में हाइवे पर फंसा ट्रक। संवाद
सुकरौली। हाटा तहसील क्षेत्र में इन दिनों कई जगहों पर चल रहे हाईवे किनारे निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। शुक्रवार को हाटा निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण एक ट्रक बीच रास्ते में फंस गया।
काफी देर तक वाहन फंसा रहने से आवागमन प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और सुस्ती के चलते सड़क की हालत दिनोंदिन खराब होती जा रही है। कई स्थानों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिससे भारी वाहनों के साथ ही दोपहिया चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश या हल्की नमी में ये गड्ढे और खतरनाक हो जाते हैं।
राहगीरों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं जिम्मेदार अधिकारी मामले में चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।