सुकरौली। हाटा कोतवाली क्षेत्र के गिदहा धनहा में रविवार की शाम को गांव के ही दूसरे टोले पर किसी काम से जा रही एक महिला पर बाइक सवार दो युवकों ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर आए पिता उसे एम्बुलेंस से देवतहां सीएचसी ले गए, जहां इलाज चल रहा है। घटना के समय घायल महिला का पांच वर्षीय पुत्र ऋषभ भी बगल में खड़ा था।
घायल महिला के पिता ने गंगा गोड़ ने बताया कि उन्होंने बेटी गोल्डी की शादी पडरौना कोतवाली क्षेत्र के पगरा डीह निवासी चंद गौड़ से की है। दामाद रोजगार के सिलसिले में मध्य प्रदेश में है। इसकी वजह से बेटी गोल्डी अपने लड़के के साथ पिछले छह माह से मायके में रह रही है। शाम को गांव के दूसरे टोले गिदहा में किसी काम जा रही थी। दो युवक पहले से रास्ते में बाइक के साथ खडे़ थे। उन्होंने गमछे से अपना मुंह बाध रखा था।
बाइक सवार युवकों ने रास्ते में मेरी लड़की को रोक कर उसके बच्चे को छीनने लगे, विरोध करने पर युवकों ने मेरी लड़की के ऊपर चाकू से हमला कर घायल कर मौके से भाग गए। हमले में बेटी के सिर और पेट में चोट है। इसकी सूचना मुकामी पुलिस को भी दी गयी है। खबर लिखे जाने तक घायल महिला का इलाज सीएचसी देवतहा में चल रहा है। प्रभारी कोतवाल एसएसआई मंगेश मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। घटना स्थल पर पुलिस गई है। मामले की जांच की जा रही है।